Haryana Election 2024: पीएम मोदी बोले, हरियाणा में कांग्रेस के लाउडस्पीकर्स का करंट भी कमजोर हो गया

नमो एप (Namo App) के माध्यम से हरियाणा के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा के कार्यकर्ता चाहे पुरानी पीढ़ी के हों या नई पीढ़ी के, उनकी मेहनत और परिश्रम ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है। उनका हसमुख स्वभाव, गंभीर से गंभीर बात को भी बहुत ही समझदारी, तर्क और मजाकिया लहजे में कहने की क्षमता। यह सब हरियाणा से ही सीखा जा सकता है।
मेरा बूथ सबसे मजबूत
पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा कार्यकर्ताओं को जन-जन तक सुशासन का संदेश पहुंचाते हुए देखना बेहद उत्साहजनक है। मोदी ने मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित किया।
हरियाणा में कांग्रेस के ‘लाउडस्पीकर्स’ का करंट भी कमजोर हो गया है: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में पिछले 10 साल में कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी विफल रही है और अब जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, बड़े-बड़े दावे करने वाले उसके ‘लाउडस्पीकर्स’ का करंट भी कमजोर हो गया है।
‘नमो एप’ के माध्यम से ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने राज्य में फिर से पार्टी की सरकार बनने का दावा किया और कहा कि यह इसलिए हो रहा है क्योंकि हरियाणा में पहली बार हुआ है कि सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा और युवाओं को ‘बिना पर्ची और खर्ची’ के रोजगार मिला। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



