Chhattisgarh Encounter: सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 27 नक्सली ढेर; पीएम मोदी बोले-हमें अपने सुरक्षा बलों पर गर्व

Chhattisgarh Encounter: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 27 नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू को मार गिराया है।
प्रधानमंत्री मोदी बोले, माओवादियों को मार गिराने वाले सुरक्षा बलों पर गर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ में 27 माओवादियों को मार गिराने वाले सुरक्षा बलों पर गर्व है।
छत्तीसगढ़ में मारे गए 27 नक्सलियों में शीर्ष माओवादी नेता बसवराजू भी शामिल: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि नक्सल आंदोलन के शीर्ष नेता और रीढ़, भाकपा-माओवादी का महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू बुधवार को छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए 27 खूंखार नक्सलियों में शामिल था। अमित शाह ने यह भी कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के तीन दशकों में यह पहली बार है कि महासचिव स्तर के किसी नेता को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है।
नक्सलियों के मारे जाने की स्वतंत्र न्यायिक जांच हो: भाकपा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने बुधवार को कहा कि नक्सली नेता नंबाला केशव राव समेत 27 माओवादियों के मारे जाने की स्वतंत्र न्यायिक जांच होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 27 नक्सलियों को मार गिराया है। (भाषा)



