Delhi Politics: सौरभ भारद्वाज बोले-अरविंद केजरीवाल ने उचित आशंका जताई कि न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, रेखा गुप्ता ने कही ये बात

Delhi News: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस बारे में यह उचित आशंका जताई कि आबकारी नीति मामले में उन्हें और अन्य आरोपियों को न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत से न्याय नहीं मिल पाएगा। सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली उच्च न्यायालय में दलील दी थी कि यदि न्याय न मिलने की उचित आशंका हो, तो पूर्वाग्रह साबित करना आवश्यक नहीं है।
आबकारी नीति: न्यायमूर्ति शर्मा ने मामले से खुद को अलग करने से किया इनकार, केजरीवाल की याचिका खारिज
दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायाधीश स्वर्ण कांता शर्मा ने सोमवार को आबकारी नीति मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने से इनकार करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और अन्य लोगों की ओर से दायर याचिका को खारिज कर दिया। एक घंटे से अधिक समय तक हुई सुनवाई में न्यायमूर्ति शर्मा ने कहा कि किसी भी वादी को बिना किसी सबूत के न्यायाधीश पर फैसला करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है, और न्यायाधीश किसी वादी के पूर्वाग्रह के निराधार डर को दूर करने के लिए खुद को मामले से अलग नहीं कर सकते हैं।
उच्च न्यायालय के न्यायाधीश को मामले से हटाने की केजरीवाल की मांग दुर्भाग्यपूर्ण: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि आबकारी नीति मामले की सुनवाई कर रहीं उच्च न्यायालय की न्यायाधीश को हटाने की आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की मांग दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास कमजोर होने का खतरा है। दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा ने केजरीवाल और अन्य लोगों की याचिका को खारिज करते हुए शराब नीति मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने से इनकार कर दिया। (भाषा)



