Noida News: महिला मित्र की जन्मदिन पार्टी में दो युवक आपस में भिड़े, एक की मौत
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में गौतमबुद्ध नगर जिले के थाना बीटा-दो क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी में बीती रात एक युवती के जन्मदिन के जश्न में शामिल हुए दो युवकों के बीच कथित तौर पर किसी बात पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला किया जिसमें एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जानें, क्या है मामला
थाना बीटा-दो के प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाली एक युवती का बीती रात को जन्मदिन था और उसके दोस्त जितेंद्र शर्मा (24) और चिराग चौधरी जन्मदिन की पार्टी में आए थे, इसी बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों युवक मित्र थे और बीटा- दो क्षेत्र में उनका एक कैफे है। जन्मदिन की पार्टी में दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद चिराग ने जितेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शक है कि दोनों युवती को पसंद करते थे और इसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है। (भाषा)


