World Namokar Mahamantra Day: योगी आदित्यनाथ बोले-नमोकार महामंत्र भौतिक, दैवीय और आध्यात्मिक दुखों से दिलाता है मुक्ति

Namokar Mahamantra Day: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में विश्व नमोकार महामंत्र दिवस पर कहा कि यह महामंत्र भौतिक, दैवीय और आध्यात्मिक तीनों प्रकार के दुखों से मुक्ति दिलाने का साधन है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती जैन तीर्थंकरों की पावन भूमि रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान ऋषभदेव का जन्म हुआ, वहीं, काशी की धरती पर भी तीर्थंकर का जन्म हुआ।
नवकार मंत्र विश्व कल्याण से जुड़ी प्रार्थना : हरिभाऊ बागडे
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नवकार मंत्र को स्तुति से युक्त सर्व कल्याण प्रार्थना बताते हुए बुधवार को कहा कि यह ध्यान का ज्ञान है। उन्होंने कहा कि यह विश्व कल्याण के साथ बाधाओं के निवारण का आदि मंत्र है। बागडे बुधवार को यहां विश्व नवकार मंत्र दिवस पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विश्व नवकार मंत्र दिवस भारत की अध्यात्म परम्परा में निहित विश्व शांति की सामूहिक भावना का द्योतक है।
जैन धर्म ने भारत की पहचान स्थापित करने में अमूल्य भूमिका निभाई : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि जैन धर्म ने भारत की पहचान स्थापित करने में अमूल्य भूमिका निभाई है और इसके मूल्य आतंकवाद, युद्ध व पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी वैश्विक चुनौतियों से पार पाने में मददगार हैं।
खुद को जीतने की प्रेरणा देता है नवकार महामंत्र
नवकार महामंत्र कहता है कि खुद पर भरोसा रखो, नकारात्मक सोच, वैमनस्य से दूर रहो और स्वार्थहीन बनो। जैन धर्म हमें बाहरी दुनिया नहीं, बल्कि खुद को जीतने की प्रेरणा देता है।
जानें, क्या है नवकार महामंत्र
जैनधर्म में नवकार महामंत्र को णमोकार मंत्र या नवकार मंत्र भी कहा जाता है। जिसमें गुणों को प्राथमिकता दी जाती है और उसका सम्मान किया जाता है, क्योंकि ये गुण ही इंसान को मोक्ष की ओर लेकर जाते हैं। इसका जाप सुबह और शाम किया जाता है और इसे जैन धर्म का सबसे बड़ा मंत्र भी माना जाता है। (भाषा)



