Tweet War: अरविंद केजरीवाल का अमित शाह से सवाल, भ्रष्ट नेताओं को पार्टी में शामिल करने वालों को भी देना चाहिए इस्तीफा?

Corruption: आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों को हटाने वाले विधेयकों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी पर सोमवार को पलटवार करते हुए कहा कि अब यह स्पष्ट है कि भाजपा ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से हटाने की साजिश रची। आप की यह प्रतिक्रिया अमित शाह के कार्यालय से की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आई, जिसमें उनके इस बयान का हवाला दिया गया था कि भ्रष्टाचार या गंभीर अपराधों के आरोपी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री के लिए जेल से सरकार चलाना अनुचित है।
जानें, क्या कहा केजरीवाल ने
अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जो व्यक्ति गंभीर गुनाहों के मुजरिमों को अपनी पार्टी में शामिल करके उनके सारे केस रफा-दफा करके उन्हें मंत्री, उपमुख्यमंत्री या मुख्यमंत्री बना देता है, क्या ऐसे मंत्री/प्रधानमंत्री को भी अपना पद छोड़ना चाहिए? ऐसे व्यक्ति को कितने साल की जेल होनी चाहिए? अगर किसी पर झूठा केस लगाकर उसे जेल में डाला जाए और बाद में वो दोषमुक्त हो जाए, तो उस पर झूठा केस लगाने वाले मंत्री को कितने साल की जेल होनी चाहिए?
जानें, क्या है मामला
अमित शाह के कार्यालय ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था कि अगर कोई पांच साल से ज्यादा सजा वाले केस में जेल जाता है और उसे 30 दिन में बेल नहीं मिलती, तो उसे पद छोड़ना पड़ेगा, कोई छिटपुट आरोप के लिए पद नहीं छोड़ना पड़ेगा। मगर जिन पर करप्शन के आरोप हैं या पांच साल से ज्यादा सजा के आरोप हैं, ऐसे मंत्री, सीएम या पीएम जेल में बैठकर सरकार चलाएं ये कितना उचित है? गौरतलब है कि अब ट्वीट वार के चलते इस मुद्दे पर राजनीति गरमाा सकती है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



