Delhi Assembly Election: दिल्ली में कई बॉडी बिल्डर व पहलवान आप में शामिल, केजरीवाल बोले-खिलाड़ियों की समस्या हल करेंगे

Delhi Politics: दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में पहलवानों और बॉडी बिल्डरों समेत कई खिलाड़ी पार्टी में शामिल हुए। केजरीवाल ने खेल और फिटनेस से जुड़े तिलकराज, रोहित दलाल और अक्षय दिलावरी का आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय में स्वागत किया और उन्हें पटका व टोपी सौंपी।
केजरीवाल बोले, खिलाड़ियों की समस्याओं को हल करने की दिशा में काम करेगी आप
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 70-80 बॉडी बिल्डर और पहलवान पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पार्टी मजबूत होगी बल्कि स्वास्थ्य व फिटनेस से जुड़े मुद्दों पर भी काम करेगी। उन्होंने वादा किया कि राजधानी में सत्ता बरकरार रखने के बाद आप खिलाड़ियों की समस्याओं को हल करने की दिशा में काम करेगी।
महिला सम्मान योजना को लेकर भाजपा की महिला मोर्चा का केजरीवाल के आवास के पास प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के महिला मोर्चा की नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के आवास के निकट प्रदर्शन किया और उन पर महिला सम्मान योजना के नाम पर दिल्ली की महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगाया। भाजपा ने दावा किया कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भी आप ने इसी तरह की योजना की घोषणा की थी, लेकिन पार्टी के 2022 के वादे के मुताबिक, वहां की महिलाओं को अब तक 1100 रुपये प्रति माह नहीं मिले हैं। (भाषा)



