PM Modi Laos Visit: पीएम मोदी आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए लाओस पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बृहस्पतिवार को दो दिवसीय यात्रा पर लाओस पहुंचे। इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य इन समूहों के देशों के साथ संबंधों को और प्रगाढ़ बनाना है।
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान देशों के साथ संबंधों को और गहरा करने का अवसर: नरेंद्र मोदी
मोदी ने बृहस्पतिवार को विश्वास जताया कि आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों में भाग लेने के लिए लाओस की उनकी यात्रा आसियान देशों के साथ संबंधों को और गहरा करेगी। लाओस रवाना होने से पहले जारी एक बयान में पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस साल ‘एक्ट ईस्ट’ नीति का दशक पूरा कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी को आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने के लिए नए विचार पेश करने चाहिए: इंडोनेशिया की राजदूत
इंडोनेशिया की राजदूत इना एच. कृष्णमूर्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पिछले वर्ष के प्रभावशाली 12 सूत्री एजेंडे के आधार पर आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने के लिए नए विचार और अवधारणाएं प्रस्तुत करनी चाहिए। ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ एक साक्षात्कार में कृष्णमूर्ति ने पिछले वर्ष आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के लिए मोदी की इंडोनेशिया यात्रा का जिक्र किया, जहां उन्होंने दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन ‘आसियान’ और भारत के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एक रणनीतिक रूपरेखा पेश की थी। (भाषा)



