Delhi News: रेखा गुप्ता बोलीं, सफाईकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी सरकारों की

Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सफाईकर्मियों के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकारों की बताते हुए बुधवार को कहा कि नवीनतम मशीनों के इस्तेमाल से इन कर्मियों को लाभ मिलना चाहिए। सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर में शामिल हुईं रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद देश में सफाईकर्मियों को वह सम्मान मिला, जिसके वे हकदार थे।

कहा, सफाईकर्मियों की कर्मनिष्ठा ही स्वच्छ दिल्ली की शक्ति
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार एवं केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा के साथ सम्मिलित हुई। शिविर में सफाई मित्रों, स्वच्छाग्रहियों और उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य जांच, केंद्र एवं दिल्ली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, पीपीई एवं सुरक्षा किट उपलब्ध कराई गईं। हमारे सफाई मित्र अपने परिश्रम और सेवाभाव से हर दिन दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाते हैं। उनकी कर्मनिष्ठा ही स्वच्छ दिल्ली की शक्ति है। आपकी सेवा को हृदय से प्रणाम और आपके अथक योगदान के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। आपका सम्मान, सुरक्षा और कल्याण हमारी सरकार का संकल्प है। इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



