Stray Dogs: सुप्रीम कोर्ट ने कहा, अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण है आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्या

Delhi-NCR: उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों की सारी समस्या स्थानीय अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण है, जिन्होंने कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण पर पशु जन्म नियंत्रण नियमों को लागू करने में कुछ नहीं किया।
सुनवाई के लिए एक नई पीठ का गठन
आवारा कुत्तों को सड़कों से हटाकर आश्रय स्थलों में स्थानांतरित करने का आदेश देने वाली पीठ के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के लिए एक नई पीठ का गठन किया गया है।
दिल्ली में आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान उनकी आबादी को नियंत्रित करके ही संभव : मोहन भागवत
सभी पशुओं को जीने का अधिकार होने का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने बृहस्पतिवार को ओडिशा में कहा कि दिल्ली में आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान उनकी आबादी को नियंत्रित करके ही किया जा सकता है, न कि उन्हें आश्रय स्थलों में पहुंचाकर। भागवत उच्चतम न्यायालय के उस आदेश पर उठे विवाद पर टिप्पणी कर रहे थे, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के अधिकारियों को आवारा कुत्तों को सड़कों से हटाकर स्थायी रूप से कुत्तों के आश्रय स्थलों में स्थानांतरित करने को कहा गया था। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के अधिकांश जगह आवारा कुत्तों की समस्या विकराल हो रही है, इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय इस समस्या के समाधान की जरूरत है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



