Jharkhand News: झारखंड शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में आईएएस व अन्य से संबद्ध परिसरों पर छापे

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले की जांच के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी विनय कुमार चौबे, कुछ अन्य सरकारी अधिकारियों और झारखंड एवं छत्तीसगढ़ में कई शराब व्यापारियों एवं बिचौलियों से संबद्ध परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी के झारखंड कार्यालय द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हाल में एक आपराधिक मामला दर्ज किए जाने के बाद रांची और रायपुर में 15 परिसरों पर छापे मारे जा रहे हैं।
मतदान में खलल डालने की योजना बना रहे तीन माओवादी गिरफ्तार
पलामू जिले में प्रतिबंधित माओवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (टीएसपीसी) के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि इन लोगों ने 13 और 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान कथित तौर पर अशांति फैलाने की योजना बनाई थी।
हजारीबाग में धार्मिक समिति के पूर्व अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
हजारीबाग जिले में मंगलवार सुबह एक स्थानीय धार्मिक समिति के पूर्व अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हमलावर की पहचान विवेक सोनी के रूप में हुई है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। (भाषा)



