देश-दुनिया

जनता की बढ़ती अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकारी विभागों का आधुनिकीकरण आवश्यक: द्रौपदी मुर्मू

Delhi News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि सेवा वितरण में दक्षता के लिए जनता की बढ़ती अपेक्षाओं को पूरा करने के मकसद से सरकारी विभागों के लिए उभरती प्रौद्योगिकियों का सर्वोत्तम उपयोग करके अपने तंत्र का आधुनिकीकरण करना आवश्यक है।

पारदर्शी शासन प्रणाली बनाने का प्रयास करने को कहा
विभिन्न सरकारी सेवाओं के परिवीक्षाधीन अधिकारियों के एक समूह को संबोधित करते हुए उन्होंने उन्नत प्रौद्योगिकियों, कौशल से अवगत रहने और अधिक नागरिक-केंद्रित, कुशल तथा पारदर्शी शासन प्रणाली बनाने का प्रयास करने को कहा।
भारतीय सिविल लेखा सेवा, भारतीय डाक और दूरसंचार (वित्त और लेखा) सेवा, भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (लेखा) और भारतीय डाक सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात की।

लेखांकन और भुगतान प्रणालियों को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए उपाय करने होंगे
राष्ट्रपति ने कहा कि सेवा वितरण में अधिक गति और दक्षता के साथ-साथ पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि को लेकर जनता की अपेक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सरकारी विभागों के लिए उभरती प्रौद्योगिकियों का सर्वोत्तम उपयोग करके अपनी प्रणाली का आधुनिकीकरण और डिजिटलीकरण करना आवश्यक है। ऐसी प्रौद्योगिकियों में मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, ब्लॉकचेन तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) शामिल हैं। एक मजबूत सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली सुशासन की नींव है। तेजी से बदलती प्रौद्योगिकी के साथ तालमेल बिठाना चुनौती का एक और क्षेत्र है। आपको लेखांकन और भुगतान प्रणालियों को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए उपाय करने होंगे। नवनियुक्त अधिकारियों की भूमिका वित्तीय संसाधनों के उपयोग को सर्वाधिक अनुकूल बनाने से कहीं आगे जाती है और इसमें नीतियों के प्रभाव का विश्लेषण करना और वित्तीय प्रबंधन प्रणालियों सहित शासन प्रणालियों को बेहतर बनाने के लिए इनपुट सुझाना शामिल है।

सरकारी सेवाओं के प्रभावी वितरण में योगदान भी देंगे अधिकारी
भारतीय डाक सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से बातचीत में राष्ट्रपति ने वित्तीय समावेश, विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित आबादी के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रयासों की सराहना की। मुर्मू ने कहा कि आपके पास डाक विभाग और सेवाओं को अधिक ग्राहक-केंद्रित, नवोन्मेषी, डिजिटल, समावेशी और टिकाऊ बनाने का अनूठा अवसर है। आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि डाक नेटवर्क हमारे जैसे विशाल और विविधतापूर्ण राष्ट्र में एकजुट करने वाले एक बड़े कारक के रूप में काम करता रहे। आपको याद रखना चाहिए कि आप बेहतर कनेक्टिविटी और वित्तीय समावेश के माध्यम से नागरिकों, विशेष रूप से वंचित लोगों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा पाएंगे। उम्मीद जताई कि अधिकारी न केवल अपने व्यक्तिगत कॅरियर में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए सभी प्रयास करेंगे बल्कि सरकारी सेवाओं के प्रभावी वितरण में योगदान भी देंगे। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button