Ram Mandir Donation Theft: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव बोले-सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा; इन्हें न अयोध्या क्षमा करेगा, न देश

UP Politics: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चंदा-दान चोरी के मामले में शनिवार को बिना किसी का नाम लिए जमकर निशाना साधा।
कहा, बंटवारे की लड़ाई सारे राज खोल देगी
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आखिरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा, क्योंकि अब अपयश का पानी सुरंग में गले तक भर गया है। फिर भी 140 करोड़ देशवासी और दुनियाभर के चंदा-दान देनेवाले सनातनी पूछ रहे हैं कि हर काम में आगे रहने वाले, इस घोर-गंभीर मसले पर खुद सामने क्यों नहीं आए, अपने से पीछे वाले को आगे क्यों कर दिया, क्या इसमें भी ये सोचकर साजिश की गई है कि महापाप के दोष और जनाक्रोश से खुद को बचा लो और दूसरे को फंसाकर उससे सफाई दिलवा दो। जो षड्यंत्रजीवी रहे हैं, अब तो वो आपस में भी एक-दूसरे की मुखबिरी कर रहे हैं। बंटवारे की लड़ाई सारे राज खोल देगी।
सत्य उनके पापों की सजा देने के लिए प्रतीक्षा कर रहा है
अखिलेश यादव के मुताबिक, जो शातिर सेंध लगाकर, बोरी भरकर सुरंग के रास्ते बहुत दूर निकल गए हैं, वो असली पापी याद रखें, जहां भूमिगत मार्ग खत्म होगा, उस अगले छोर पर सत्य उनके पापों की सजा देने के लिए प्रतीक्षा कर रहा है। इन्हें न अयोध्या क्षमा करेगा, न देश, न वो परम प्रभु, जिसके खजाने को इन्होंने बेरहमी, बेदर्दी और बेशर्मी से लूटा है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



