शहर-राज्य

UP News: नोएडा में सोफा बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग, तीन लोगों की जलकर मौत

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में गौतम बुद्ध नगर जिले के बीटा-दो थाना क्षेत्र के साइट-4 में स्थित सोफा बनाने वाली एक फैक्टरी में मंगलवार को सुबह आग लगने के कारण तीन लोगों की जल कर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आग लगने की घटना में फैक्टरी बुरी तरह से जल गई, तथा वहां काम करने वाले तीन लोगों की आग में झुलसकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इनकी हुई मौत
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बीटा-दो थाना क्षेत्र के साइट-4 में स्थित सोफा बनाने की एक फैक्टरी में सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटनास्थल पर खोज एवं बचाव अभियान के दौरान तीन लोग मृत पाए गए। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला निवासी गुलफाम (23), बिहार निवासी मजहर आलम (29) और दिलशाद (24) के तौर पर हुई है। जांच के दौरान पता चला कि फैक्टरी के मालिक ने पीड़ितों को एक कोने में सोफा मरम्मत के लिए जगह दे रखी थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button