Noida Protest: नोएडा में वेतन बढ़ाने को लेकर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, कई जगह लगाया जाम; दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर

Protest In Noida : वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में बीते चार दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया और उन्होंने कई जगहों पर जाम लगाया और तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 63, सेक्टर 62, सेक्टर 15, फेस-दो औद्योगिक क्षेत्र, सूरजपुर, नॉलेज पार्क क्षेत्र, दादरी क्षेत्र और ईकोटेक- प्रथम के औद्योगिक क्षेत्र में सुबह से ही मजदूरों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नोएडा के हालात पर नजर
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से नोएडा के हालात पर नजर रख रहे हैं। सोमवार को नोएडा के कुछ हिस्सों में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर फैक्टरी मजदूरों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। फेज-2 और सेक्टर 60 इलाकों से आगजनी, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आई हैं।
नोएडा में प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर
नोएडा में फैक्टरी श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के हिंसक हो जाने के बाद दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है और राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि वेतन संशोधन की अपनी लंबे समय से लंबित मांग को लेकर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्रैफिक एडवाजरी जारी करते हुए लिखा है कि निजी फैक्टरियों के मजदूरों के चल रहे आंदोलन के कारण नोएडा में ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली) से आने वाली नोएडा लिंक रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। चिल्ला बॉर्डर से नोएडा की ओर ट्रैफिक की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है।
आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं और नोएडा जाने के लिए डीएनडी का इस्तेमाल करें। जो लोग नोएडा जाना चाहते हैं, वे सराय काले खां से डीएनडी का इस्तेमाल कर सकते हैं, या फिर एनएच 24 – कोंडली ब्रिज का इस्तेमाल करके नोएडा मोड़ से नोएडा में प्रवेश कर सकते हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



