Delhi AQI: दिल्ली में एक्यूआई इस मौसम में पहली बार बेहद खराब श्रेणी में पहुंचा, कांग्रेस ने कसा तंज

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को इस मौसम में पहली बार बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 312 दर्ज किया गया। वहीं, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अन्य मौसम केंद्रों जैसे पालम में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 16.8 डिग्री, रिज में 17.2 डिग्री और आया नगर में 16.7 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली की हवा को लेकर कांग्रेस का तंज
दिल्ली की वायु गुणवत्ता के इस मौसम में पहली बार बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम 2.5 देश की राजधानी का दम घोंट रहा है और पीएम 3.0 सरकार को इस समस्या को अब तक की तुलना में कहीं अधिक गंभीरता से लेना चाहिए। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) में पीएम 10 पर अधिक ध्यान दिया जाता है, जबकि जन स्वास्थ्य के लिहाज से पीएम 2.5 अधिक खतरनाक है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



