राजनीति

UP Politics: मायावती बोलीं, यूपी सरकार का एक लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा चुनावी चाल जैसा लग रहा

UP News: उत्तर प्रदेश (यूपी) की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के उत्तर प्रदेश सरकार के वादे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले चली गई चुनावी चाल जैसा लग रहा है।

जानें, क्या कहा मायावती ने
मायावती ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अगले छह महीने में अर्थात विधानसभा आमचुनाव तक एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा हालांकि विलंब से उठाया गया सही किन्तु चुनावी कदम ज्यादा लगता है, फिर भी वे नियुक्तियां पेपर लीक व भ्रष्टाचार आदि के अभिशाप से मुक्त समय से पूरा हो जाएं तो यह सही होगा, ताकि यह चुनावी छलावा ना साबित हों, जबकि इसके साथ ही एससी, एसटी व ओबीसी समाज के आरक्षित पदों के बैकलाग पर भर्तियों के बारे में भी सरकारी घोषणा की लोगों को उत्सुकता से प्रतीक्षा है।

कहा-इनको भी मिले राहत
बसपा प्रमुख ने कहा कि यहां 69,000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण के नियमों को लेकर इन वर्गों के 6,800 अभ्यार्थी अपनी नियुक्ति के लिए भूखे-प्यासे लगातार आंदोलनरत हैं, उनके बारे में भी सरकार को पूरी सहानुभूतिपूर्वक जरूर सोचना चाहिए, क्योंकि उन्हें वास्तविक राहत सरकार ही दे सकती है।

बंद किए गए 30 हजार सरकारी स्कूल को सक्रिय करे सरकार
मायावती नेकहा कि बीएसपी यूपी सहित पूरे देश भर में स्कूली शिक्षा की बदहाल व्यवस्था को समुचित तौर पर बेहतर बनाने की मांग लगातार करती रहती है, किन्तु संभवतः जेन-जी व जेन-अल्फा के दबाव में जो थोड़ी अनचाही हलचल सरकारी स्तर पर देखने को मिल रही है, वह मामूली ही सही परन्तु स्कूली शिक्षा में सुधार करने की सही नीयत से हो तो यह उचित होगा और इस क्रम में यहां लगभग 30 हजार जो सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए हैं, उन्हें दोबारा अच्छे तरीके से सक्रिय करने की व्यवस्था सरकार अविलंब करे, तो यह भी जनहित में होगा।

यह भी कहा बसपा प्रमुख ने
बसपा प्रमुख ने कहा कि बुजुर्ग महिलाओं को बसों में निशुल्क यात्रा आदि की व्यवस्था से कहीं अधिक महिलाओं को हर क्षेत्र में शोषण, अत्याचार, उत्पीड़न आदि से बचाने के साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व आत्मनिर्भरता के बारे में भी सरकारों को सही नीयत व नीति से कार्य करने की जरूरत है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button