Makar Sankranti: मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

Makar Sankranti 2026: मकर संक्रांति पर बुधवार की सुबह पश्चिम बंगाल में हुगली नदी और सागर द्वीप में बंगाल की खाड़ी के संगम पर लाखों श्रद्धालुओं ने स्नान किया। श्रद्धालुओं ने कड़ाके की ठंड का सामना करते हुए सूर्योदय के समय स्नान किया और दक्षिण 24 परगना जिले के द्वीप पर स्थित कपिल मुनि आश्रम में प्रार्थना की जहां गंगासागर मेला का आयोजन हो रहा है।
एकादशी पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई
प्रयागराज के संगम तट पर आयोजित माघ मेले के दूसरे स्नान पर्व मकर संक्रांति से पूर्व बुधवार को एकादशी पर दोपहर 12 बजे तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यहां गंगा और संगम में आस्था की डुबकी लगाई।
एकादशी और मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
एकादशी और मकर संक्रांति के मौके पर पवित्र स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर की पौड़ी स्थित गंगा घाट पर पहुंचे।
मकर संक्रांति का पर्व भारत के समृद्ध सांस्कृतिक परिदृश्य को दर्शाता है: नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मकर संक्रांति के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि फसल से जुड़ा यह पर्व देश के समृद्ध सांस्कृतिक परिदृश्य को दर्शाता है और नागरिकों को उस एकजुटता की भावना की याद दिलाता है जो सभी को बांधती है। मकर संक्रांति फसल से जुड़ा एक उत्सव है जो देश के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार मनाया जाता है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



