Maharashtra Assembly Election 2024: भाजपा ने नवाब मलिक की उम्मीदवारी का विरोध किया, कहा-पार्टी दाऊद से संबंध रखने वालों के खिलाफ

Maharashtra Assembly Election 2024: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता आशीष शेलार ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता नवाब मलिक की उम्मीदवारी के खिलाफ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई के अध्यक्ष शेलार ने एक समाचार चैनल से कहा कि हम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े किसी व्यक्ति को टिकट देना स्वीकार नहीं करेंगे।
नवाब मलिक मानखुर्द-शिवाजी नगर से लड़ सकते हैं चुनाव
शेलार उन मीडिया खबरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिनमें कहा गया कि मुंबई दक्षिण-मध्य संसदीय क्षेत्र के अणुशक्ति नगर से मौजूदा विधायक नवाब मलिक मानखुर्द-शिवाजी नगर से चुनाव लड़ सकते हैं और अणुशक्ति नगर निर्वाचन क्षेत्र को अपनी बेटी सना के लिए छोड़ सकते हैं। सना चुनावी राजनीति में पदार्पण करने की योजना बना रही हैं।
इसलिए मचा बवाल
मलिक महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार में मंत्री थे। मलिक को 2022 में राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए) द्वारा दाऊद और छोटा शकील और टाइगर मेमन सहित उसके अन्य सहयोगियों के खिलाफ दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था।
भाजपा नेता राजकुमार बडोले राकांपा में शामिल
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता राजकुमार बडोले मंगलवार को अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में शामिल हो गए। मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान अजित पवार और वरिष्ठ राकांपा नेताओं ने गोंदिया जिले के अर्जुनी-मोरगांव निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व विधायक बडोले का पार्टी में स्वागत किया।
भाजपा नेता संदीप नाइक, शरद पवार की पार्टी में शामिल
नवी मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को तब झटका लगा जब पार्टी नेता एवं पूर्व विधायक संदीप नाइक 20 नवंबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को शरद पवार नीत राकांपा (शरद चंद्र पवार) में शामिल हो गए। सूत्रों ने बताया कि संदीप के बेलापुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है, जहां भाजपा ने अपनी मौजूदा विधायक मंदा म्हात्रे को फिर से उम्मीदवार बनाया है।
पुणे में नकदी जब्त : विपक्ष ने सत्तापक्ष पर चुनाव से पहले रुपये बांटने का लगाया आरोप
आयकर विभाग ने पुणे शहर के बाहरी इलाके में एक एसयूवी से पांच करोड़ रुपये जब्त किए जाने के मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वहीं, विपक्ष ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहल सत्तारूढ़ दल रुपये बांट रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने दावा किया कि पुलिस को और रकम मिली थी, लेकिन उसे जब्त नही किया गया।
सत्तारूढ़ पार्टी चुनाव से पहले पैसे बांट रही: संजय राउत
पुणे में एक कार से पुलिस द्वारा पांच करोड़ रुपये जब्त किए जाने के एक दिन बाद मंगलवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने दावा किया कि यह एक उदाहरण है कि कैसे सत्तारूढ़ पार्टी चुनावी राज्य महाराष्ट्र में पैसे बांट रही है। राउत ने संवाददाताओं से कहा कि कार से जब्त नकदी (एकनाथ शिंदे नीत) शिवसेना विधायक शाहजीबापू पाटिल से संबंधित है। उन्होंने दावा किया कि जहां पांच करोड़ रुपये जब्त कर लिए गए, वहीं 10 करोड़ रुपये ले जा रहे एक अन्य वाहन को पुलिस ने छोड़ दिया।
नीलेश राणे शिवसेना में शामिल होंगे, कुदाल विधानसभा सीट से लड़ेंगे चुनाव
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे ने मंगलवार को कहा कि वह एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना में शामिल होंगे और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कुदाल सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में हुए सीट बंटवारे समझौते के तहत कुदाल सीट शिवसेना के खाते में जाएगी और यही वजह है कि नीलेश भाजपा से शिवसेना में शामिल होंगे।
महाराष्ट्र चुनाव : सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध के बीच कांग्रेस नेता थोराट शरद पवार से मिले
महा विकास आघाडी के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध दूर करने के लिए मंगलवार को कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की। सीट बंटवारे को लेकर खासतौर पर कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के बीच गतिरोध की खबरें हैं।(भाषा)



