Weather Update: दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब, अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने के आसार; राजस्थान में कई जगह लू की चेतावनी

Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह से ही तेज गर्मी रही। अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं, राजस्थान में कई जगह लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक यानी 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी, अनेक जगह लू की चेतावनी
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है, जहां बीते चौबीस घंटे में गंगानगर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा
मौसम केंद्र जयपुर ने शुक्रवार सुबह बताया कि बीते चौबीस घंटे में राज्य में कुछ जगहों पर ऊष्ण लहर और ऊष्ण रात्रि दर्ज होने के साथ ही मौसम शुष्क रहा। राज्य के अधिकतर भागों में इस समय अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री है, जो इस मौसम के औसत तापमान के आसपास है। कई जगह लू की चेतावनी जारी की गई है। (भाषा)



