राजनीति

Punjab Politics: पंजाब में अमित शाह बोले, नशे के सौदागरों पर होगी अत्यंत कठोर कार्रवाई

Punjab News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को पंजाब पहुंचे। नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला सीबीआई को सौंपने की मुख्यमंत्री भगवंत मान की घोषणा के बाद अमित शाह ने मान से कहा कि वे संगरूर और बटाला की घटनाओं की जांच भी केंद्रीय एजेंसी को सौंप दें। अमित शाह के पंजाब के दिन भर के दौरे से कुछ घंटे पहले मान ने घोषणा की कि सरकार ने झोटा हत्याकांड को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का फैसला किया है।

मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से मिले
अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पंजाब में चिट्टे के कारोबार के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या ने भगवंत मान सरकार में चरम पर पहुंच चुके चिट्टे के कारोबार और जर्जर कानून व्यवस्था को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। मानसा स्थित निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और इस कठिन समय में संबल दिया। पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए किया गया उनका संघर्ष सदैव स्मरण किया जाएगा। पंजाब को चिट्टे के अभिशाप से मुक्त कराने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। नशे के इन सौदागरों पर अत्यंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संगरूर में गुलजार सिंह के परिजनों से मिले
अमित शाह ने कहा कि पंजाब में नशे के कारोबार ने एक ओर युवाओं को अपना शिकार बनाकर प्रदेश के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है, वहीं माताओं, बहनों और बेटियों को कभी न भरने वाला घाव दे दिया है। नशे के कारोबार के खिलाफ संघर्ष करने वाले गुलजार सिंह पर इतना दबाब बनाया गया कि उन्होंने आत्महत्या कर ली। संगरूर के तूर बंजारा में उनके परिजनों से मिला। इस परिवार ने जो खोया है, उसकी भरपाई असंभव है। चिट्टे के काले कारोबार के खिलाफ आप सरकार ने आंखें मूंद लीं है। प्रदेश में हमारी सरकार बनते ही इन चिट्टे कारोबारियों की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी और पंजाब इस काले कारोबार से पूरी तरह मुक्त होगा।

गुरदासपुर में विक्रमजीत सिंह के परिजनों से मिले
अमित शाह ने कहा कि आप-दा सरकार में पंजाब में बेलगाम हो चुके नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज बुलंद करने पर अपनी जान गंवाने वाले विक्रमजीत सिंह के परिजनों से गुरदासपुर में उनके आवास पर मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। पंजाब में नशे के बढ़ते जाल और नशा तस्करों के हौसलों ने आप सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। भगवंत मान सरकार में एक ओर पंजाब का युवा नशे की भेंट चढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले सुरक्षित नहीं हैं।पंजाब सहित पूरे भारत को नशामुक्त बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हम संकल्पबद्ध हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button