UP Politics: अखिलेश यादव बोले, सीट सुनिश्चित करने से ज्यादा विपक्षी गठबंधन की जीत जरूरी

UP News: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे पर अटकलों के बीच रविवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन की जीत इसके दलों को मिलने वाली सीटों की संख्या से ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए एकजुट होकर प्रयास करने की जरूरत है।
कहा, मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है। बात बड़ी ये नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किसके पास जा रही है बात बड़ी ये है कि हम सबको ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो। फिर दोहराते हैं बात सीट की नहीं जीत की है। ये जीत हमारे गठबंधन के दलों से बढ़कर हम सबकी उस संयुक्त कोशिश की जीत होगी, जो इसलिए लगातार संघर्षरत है कि सांप्रदायिकता फिर कभी सिर न उठा सके और लोकतंत्र-संविधान-आरक्षण पर भाजपाई आंच न आए और देश का सौहार्द फिर से खिलखिलाए, देश की तरक्की और खुशहाली फिर से मुस्कुराए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



