Weather Update: उत्तर भारत में छाई घने कोहरे की चादर, कई उड़ानें रद्द

Weather Update: पंजाब से बिहार तक फैले घने कोहरे के कारण उत्तर भारत में दृश्यता शुक्रवार को कम हो गई, जिसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया और सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की चेतावनी दी।
दिल्ली में कोहरे ने घटाई दृश्यता, वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में
राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह घने कोहरे व धुंध के कारण दृश्यता कम रही और तापमान नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी रही और 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यआई) 382 दर्ज किया गया जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण 79 उड़ानें रद्द
दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण शुक्रवार को उड़ान परिचालन बाधित हुआ और कम से कम 79 उड़ानें रद्द कर दी गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उड़ानों की जानकारी देने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24डॉट कॉम के अनुसार, हवाई अड्डे पर 230 से अधिक उड़ानों के संचालन में देरी हुई, जबकि यहां से प्रस्थान करने वाली उड़ानों में औसतन 49 मिनट की देरी दर्ज की गई।
दिल्ली में 10 हजार कक्षाओं में एयर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे: आशीष सूद
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को घोषणा की कि 10,000 कक्षाओं में हवा को साफ करने के लिए ‘एयर प्यूरीफायर’ लगाए जाएंगे। सूद ने संवाददाता सम्मेलन कहा कि सरकार दीर्घकालिक प्रशासनिक उपायों के माध्यम से प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है। (भाषा)



