Yamuna Water Row: हरियाणा के सीएम ने यमुना का पानी पीया, अरविंद केजरीवाल बोले-नायब सैनी ने यमुना का पानी पीने का नाटक किया

हरियाणा (Haryana) के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को यमुना नदी के पानी की कुछ घूंट पिये और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके राज्य से राष्ट्रीय राजधानी में जाने वाले पानी में कोई जहर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेताओं के दिमाग में निश्चित रूप से जहर भरा हुआ है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीने का नाटक किया: अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दावा किया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना का पानी पीने का नाटक किया और फिर उसमें से कुछ पानी वापस नदी में थूक दिया। उन्होंने कहा कि वह (सैनी) चाहते हैं कि दिल्ली के लोग भी वही जहरीला पानी पिएं।
सोनीपत की अदालत ने यमुना में जहर वाले बयान पर केजरीवाल को 17 फरवरी को किया तलब
हरियाणा के सोनीपत की एक अदालत ने बुधवार को आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को उनके इस दावे को लेकर 17 फरवरी को तलब किया कि भाजपा शासित राज्य यमुना नदी में जहर मिला रहा है। सोनीपत की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा गोयल की अदालत ने इस मामले में केजरीवाल को नोटिस जारी किया है।
हरियाणा से मिलने वाला पानी मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद जहरीला, निर्वाचन आयोग से केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को निर्वाचन आयोग के नोटिस का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि हरियाणा सरकार यमुना में जहर घोल रही है और कहा कि राज्य से प्राप्त कच्चा पानी मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक दूषित और अत्यंत जहरीला है। अपने जवाब में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी टिप्पणी शहर में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर उत्पन्न तत्काल सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट के संदर्भ में की गई थी।
यमुना में जहर संबंधी केजरीवाल की टिप्पणी के खिलाफ हरियाणा सरकार मामला दर्ज कराएगी
हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने बुधवार को कहा कि यमुना के पानी में जहर मिलाने संबंधी आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल के बयान के खिलाफ राज्य सरकार मामला दर्ज कराएगी। गोयल ने केजरीवाल के इस बयान को लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से दिया गया गैर-जिम्मेदाराना बयान करार दिया। (भाषा)



