राजनीति

ByPoll Election Result: वायनाड में प्रियंका गांधी को बढ़त, उत्तर प्रदेश में भाजपा निकली सपा से आगे

कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव की जारी मतगणना में अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश की पांच विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी (सपा) से आगे है। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस दो-दो विधानसभा सीट पर आगे हैं, जबकि राजस्थान में कांग्रेस, भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी दो-दो सीट पर आगे हैं।

प्रियंका गांधी वायनाड सीट पर रिकॉर्ड अंतर से जीतेंगी: तेलंगाना मुख्यमंत्री
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को कहा कि केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा निश्चित रूप से रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल करेंगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार, केरल के वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में तीन घंटे की मतगणना के बाद कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाद्रा दो लाख से अधिक मतों के साथ आगे हैं।

राजस्थान उपचुनाव: भाजपा को चार, बीएपी को दो और कांग्रेस को एक सीट पर बढ़त
राजस्थान में सात विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव की मतगणना के अपराह्न तक के रुझानों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चार और विपक्षी कांग्रेस एक सीट पर आगे है। वहीं दो सीट पर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने बढ़त बनाई हुई है।निर्वाचन आयोग के ‘एप’ पर अपराह्न एक बजे तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार खींवसर, झुंझुनू, रामगढ़ और देवली-उनियारा सीट पर भाजपा प्रत्याशी, दौसा में कांग्रेस प्रत्याशी तथा चौरासी और सलूंबर सीट पर बीएपी के प्रत्याशी आगे हैं।

पंजाब उपचुनाव: चब्बेवाल सीट से ‘आप’ के इशांक कुमार जीते
आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार इशांक कुमार चब्बेवाल ने पंजाब की चब्बेवाल विधानसभा सीट से शनिवार को जीत हासिल कर ली। इशांक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार रंजीत कुमार को 28,690 मतों के अंतर से हराया।

बंगाल उपचुनाव: तृणमूल कांग्रेस ने सिताई विधानसभा सीट जीती
तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार संगीता रॉय ने पश्चिम बंगाल की सिताई विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की। ​​उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दीपक कुमार रे को 1,30,636 मतों के अंतर से हराया। निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी। तृणमूल उम्मीदवार को 1,65,984 वोट मिले, जबकि रे को 35,348 वोट मिले। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button