Char Dham Yatra: पीएम मोदी बोले-चारधाम यात्रा भारत की अटूट आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का दिव्य उत्सव; ये संकल्प लें

Char Dham Yatra 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केदारनाथ मंदिर और चारधाम की तीर्थयात्रा को भारत की अटूट आस्था, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का दिव्य उत्सव बताया। देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं।
डिजिटल उपवास रखकर उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता को जिएं श्रद्धालु
प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं से चारधाम यात्रा के दौरान डिजिटल उपवास रखकर उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का आह्वान करते हुए उनसे पांच संकल्पों का भी पालन करने का आग्रह किया है। रुद्रप्रयाग जिले में स्थित भगवान शिव के धाम केदारनाथ के कपाट खुलने के मौके पर सोशल मीडिया पर अपने एक शुभकामना संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि केदारनाथ सहित चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं।
बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें। हर-हर महादेव।
श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने का आग्रह
प्रधानमंत्री मोदी ने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने का आग्रह किया हैं।
1. स्वच्छता सर्वोपरि
धाम और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखें। नदियों को स्वच्छ बनाए रखने में अपना योगदान दें और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाएं।
2. प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता
हिमालय की इस पावन भूमि के प्रति संवेदनशील रहें। पर्यावरण संतुलन बनाए रखें और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे प्रयासों को अपनाएं।
3. सेवा, सहयोग और एकता
तीर्थ यात्रा के दौरान सेवा भाव रखें। सहयात्रियों की मदद करें और देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों से जुड़कर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करें।
4. वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी ने अपील की है कि तीर्थयात्री अपने खर्च का एक हिस्सा स्थानीय उत्पादों को खरीदने में जरूर लगाएं, ताकि स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिल सके।
5. अनुशासन, सुरक्षा और मर्यादा का पालन
यात्रा के नियमों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाएं।
पीएम ने क्रिएटर्स से भी की ये अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स और इंफ्लूएंसर्स से भी आग्रह किया है कि वे उत्तराखंड की स्थानीय परंपराओं, संस्कृति और अनसुनी कहानियों को लोगों तक पहुंचाएं, ताकि देश-दुनिया इससे जुड़ सके।
केदारनाथ धाम के कपाट खुले, मुख्यमंत्री धामी भी हुए शामिल
सर्दियों में छह माह बंद रहने के बाद बुधवार को सुबह पूरे विधि विधान के साथ केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए फिर खोल दिए गए, जहां पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई। धामी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आज प्रातः द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक, भगवान शिव की पावन तपोभूमि श्री केदारनाथ धाम में कपाटोद्घाटन के शुभ अवसर का साक्षी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस पावन क्षण में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से बाबा केदार की प्रथम पूजा-अर्चना की तथा विधि-विधान से अभिषेक कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



