टॉप न्यूज

Tripura Floods: त्रिपुरा में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र भेजेगा टीम: माणिक साहा

त्रिपुरा (Tripura) के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि राज्य में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र एक टीम भेजेगा। राज्य में बाढ़ से कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि कुल 17 लाख लोग प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं जिनमें से 1.37 लाख लोग बेघर हो गए हैं।

सोमवार को जन्माष्टमी कार्यक्रम से इतर साहा ने संवाददाताओं से कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुझे आश्वासन दिया है कि बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए वह जल्द ही एक केंद्रीय टीम भेजेंगे जो बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय टीम के आने पर राज्य सरकार बाढ़ से हुई ‘‘तबाही की वास्तविक’’ जानकारी देगी।

साहा ने राज्य को वित्तीय सहायता देने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने मुझसे बात की है और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये दिए हैं। मध्यप्रदेश सरकार ने भी राहत कार्यों के लिए 20 करोड़ रुपये दिए हैं। केंद्र, निश्चित रूप से इस कठिन दौर में त्रिपुरा की सहायता करेगा लेकिन जिस तरह से अन्य राज्य भी मदद के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं, वह सराहनीय है।’’

राजस्व सचिव बृजेश पांडे ने संवाददाताओं से कहा कि सभी जिलाधिकारियों को बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए कहा गया है। बाढ़ से सड़कों, इमारतों, विद्युत आपूर्ति के ढांचों, तटबंधों और कृषि भूमि को व्यापक नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने बताया कि अनुमान है कि बाढ़ से लगभग 15,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख नदियों में पानी का स्तर कम होने के बाद भी लगभग 70,000 लोग अब भी 471 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button