नारी शक्ति

Nari Shakti: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोलीं, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से होगी देश की प्रगति

भारत (Bharat) की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को उदगीर में कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से देश की प्रगति और विकास होगा। उन्होंने महिलाओं से केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने को भी कहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उदगीर में महाराष्ट्र सरकार की ‘शासन आवेदन दारी’ और ‘मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना’ के लाभार्थियों की सभा को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं की प्रगति में कोई भी बाधा समाज और देश के विकास की गति को भी धीमा कर देती है।

कहा, अपने स्वास्थ्य पर भी जरूर ध्यान दें महिलाएं
राष्ट्रपति ने कहा कि यह देखा जाता है कि यदि आप एक पुरुष को शिक्षित करते हैं तो केवल एक व्यक्ति को शिक्षित करते हैं, लेकिन यदि आप एक महिला को शिक्षित करते हैं तो पूरे परिवार और भावी पीढ़ी को शिक्षित करते हैं। यही बात आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी सही है। यदि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होती हैं तो पूरा परिवार और आने वाली पीढ़ी भी सशक्त होती है। यह देखा जाता है कि प्राय: माताएं और बहनें परिवार के स्वास्थ्य का ध्यान तो रखती हैं, लेकिन अपने भोजन और स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रखती हैं। मैं सभी बहनों से कहना चाहती हूं कि आप सब अपने स्वास्थ्य पर भी जरूर ध्यान दें। बच्चों और परिवार की देखभाल करने में अपने स्वास्थ्य को अनदेखा न करें। आपको अपने और अपने परिवार के अच्छे भविष्य के लिए भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।

महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका है महत्वपूर्ण
भारत सरकार के एक आकलन के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं की work-force में भागीदारी में प्रभावशाली वृद्धि हुई है। सरकार की मदद से और आत्मविश्वास के साथ अब महिलाएं हर क्षेत्र में योगदान दे रही हैं। इस पर अभी और काम करने की जरूरत है ताकि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को और बढ़ाया जा सके। महिलाओं की इस भागीदारी को बढ़ाने में स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। हर एक बेटी, अपने रास्ते की बाधाओं को पार करके, कठिनाई से जूझते हुए अपने लक्ष्य तक पहुंचती है। उनके आगे बढ़ने में पैदा की गई कोई भी रुकावट, समाज और देश के विकास की गति को भी कम कर देती है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button