Mayawati: मायावती फिर चुनी गईं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, कहा- कभी रुकेंगे नहीं, समझौता नहीं करेंगे

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का एक बार फिर सर्वसम्मति से मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। बसपा ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
बयान के अनुसार, बसपा की केंद्रीय कार्यकारी समिति तथा अखिल भारतीय स्तर तथा राज्य पार्टी इकाइयों के वरिष्ठ पदाधिकारियों और देशभर से चुने गए प्रतिनिधियों की एक विशेष बैठक में यह निर्णय लिया गया।
मायावती ने एक्स पर लिखा है कि मुझे मंगलवार को एक बार फिर सर्वसम्मति से बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर सभी लोगों का हार्दिक आभार तथा इसके लिए मुझे देश के कोने-कोने से बधाई देने वाले सभी लोगों का भी मैं दिल से शुक्रिया अदा करती हूं। (भाषा)
उल्लेखनीय है कि बीएसपी के संस्थापक कांशीराम ने 15 दिसंबर, 2001 को सार्वजनिक तौर पर मुझे बीएसपी पार्टी व मूवमेंट का उत्तराधिकारी घोषित किया था और उनकी बीमारी के कारण 18 सितंबर, 2003 को पहली बार मैंने बीएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली।



