Ram Sutar Passes Away: स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के शिल्पकार राम सुतार का निधन, सीएम योगी ने जताया दुख

Ram Sutar: स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के शिल्पकार राम सुतार का बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 100 वर्ष के थे और वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी गुजरात में स्थापित की गई है। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम सुतार के निधन पर शोक जताया है।
मध्यरात्रि को हुआ निधन
शिल्पकार राम सुतार के पुत्र अनिल सुतार ने बृहस्पतिवार को एक नोट में कहा कि अत्यंत दुख के साथ हम आपको सूचित करते हैं कि मेरे पिता राम सुतार का 17 दिसंबर की मध्यरात्रि को हमारे निवास पर निधन हो गया।
बचपन से मूर्तिकला की ओर था झुकाव
राम सुतार का जन्म 19 फरवरी 1925 को महाराष्ट्र के धुले जिले के गोंडूर गांव के एक साधारण परिवार में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव मूर्तिकला की ओर था। उन्होंने मुंबई के जेजे स्कूल ऑफ आर्ट एंड आर्किटेक्चर से स्वर्ण पदक प्राप्त किया था।
मिले ये पुरस्कार
संसद परिसर में स्थापित ध्यान मुद्रा में महात्मा गांधी और घोड़े पर सवार छत्रपति शिवाजी की मूर्तियां राम सुतार की बेहतरीन कृतियों में शामिल हैं। राम सुतार को उनकी कला के लिए 1999 में पद्म श्री और 2016 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। हाल ही में उन्हें महाराष्ट्र के सर्वोच्च पुरस्कार महाराष्ट्र भूषण से भी नवाजा गया था।
श्रद्धांजलि अर्पित
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि महान मूर्तिकार, विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के शिल्पकार, पद्म भूषण राम सुतार का निधन अत्यंत दुखद एवं कला जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



