LPG Crisis: एलपीजी की कमी से भोजनालयों का कारोबार प्रभावित, कोयले की कीमतों में उछाल

LPG Crisis: रसोई गैस सिलेंडरों की कमी के कारण भोजनालयों ने अपने मेन्यू में कटौती की है, खाने की चीजों की कीमतें बढ़ा दी हैं और कई रेस्तरां अब इस संकट से निपटने के लिए कोयले का सहारा ले रहे हैं। इसके चलते कोयले की कीमतों में उछाल है। इस बीच, खाड़ी देशों से एलपीजी सिलेंडर लेकर आ रहे दो भारतीय जहाज शनिवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर गए।
एलपीजी संकट: शिमला में इंडक्शन चूल्हों, इलेक्ट्रिक बर्नर की बिक्री में भारी उछाल
व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के निवासियों और व्यापारियों के बीच इंडक्शन चूल्हों और इलेक्ट्रिक बर्नर की मांग में जबरदस्त तेजी आई है। रसोई गैस के इस संकट ने विशेष रूप से पर्यटन और होटल व्यवसाय को बुरी तरह प्रभावित किया है। अपनी रसोई चालू रखने के लिए होटल मालिक और ढाबा संचालक अब बिजली के उपकरणों का रुख कर रहे हैं। घरेलू उपभोक्ता भी आपातकालीन स्थिति के लिए इन उपकरणों को खरीद रहे हैं। (भाषा)



