Weather Update: दिल्ली में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी, अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बाद मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद; राजस्थान में कई जगह भारी बारिश

Monsoon: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के पूर्वानूमान के बीच शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 0.9 डिग्री अधिक था। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भीषण गर्मी और उमस की वजह से लोगों को परेशानी हुई। वहीं, बिजली ट्रिपिंग की समस्या भी बरकरार रही।
अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बाद मुंबई में स्कूल, कॉलेज बंद
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शनिवार को महानगर के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में दोपहर की पाली के लिए अवकाश घोषित कर दिया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक प्रवक्ता ने बताया कि अत्यधिक भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया। उन्होंने बताया कि शहर के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बीएमसी ने नागरिकों से जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। आईएमडी ने मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए दिन में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी। मानसून के देर से पहुंचने के बावजूद देश की वित्तीय राजधानी में इस सप्ताह की शुरुआत से भारी बारिश हो रही है। मुंबई के कई हिस्सों में शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। नगर निकाय के अधिकारियों के अनुसार, उपनगरीय लोकल ट्रेन सहित सार्वजनिक परिवहन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। हालांकि, यात्रियों ने रेल सेवाओं में देरी की शिकायत की है।
मानसून की सक्रियता से राजस्थान में कई जगह भारी बारिश
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता से बारिश का दौर जारी है जहां शनिवार सुबह तक के 24 घंटों के दौरान कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। इसके अनुसार बालोतरा जिले के पचपदरा में सबसे ज्यादा आठ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई इसके बाद डूंगरपुर में सात सेंटीमीटर बारिश हुई। डूंगरपुर के धंबोला और बालोतरा में 6-6 सेंटीमीटर बारिश हुई। (भाषा)



