Durgapur Gangrape Case: दुर्गापुर मेडिकल छात्रा सामूहिक बलात्कार मामले में दो और गिरफ्तार

Durgapur News: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार मामले में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को दी।आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अभिषेक गुप्ता ने बताया कि दो और गिरफ्तारियां की गई हैं। साथ ही, दर्ज शिकायत के आधार पर सभी पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
जानें, क्या है मामला
ओडिशा के बालासोर जिले की रहने वाली एक 23 वर्षीय युवती के साथ शुक्रवार रात कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था, जब वह अपने एक मित्र के साथ खाना खाने के लिए निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर गई थी।
दुर्गापुर में सामूहिक बलात्कार की घटना स्तब्ध करने वाली, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार की कथित घटना को रविवार को “स्तब्धकारी” करार दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। बारिश और भूस्खलन की घटनाओं से प्रभावित उत्तर बंगाल में राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लेने के लिए रवाना होने से पहले ममता ने कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी सरकार का ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं करने का रुख है।
दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में भाजपा और कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
दुर्गापुर में एक मेडिकल छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मुद्दे पर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने रविवार को पश्चिम बंगाल में विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। एक अन्य विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाजपा ने कथित घटना के बाद पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाया और दावा किया कि राज्य महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



