राजनीति

Vice Presidential Election: राजग उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति निर्वाचित

CP Radhakrishnan: उपराष्ट्रपति पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन विजयी घोषित किए गए। राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 तथा विपक्ष के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए। राज्यसभा के महासचिव और निर्वाचन अधिकारी पी सी मोदी ने नतीजों की घोषणा की।

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 98 प्रतिशत मतदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत 769 सांसदों ने उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल 98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने के एक घंटे बाद छह बजे मतगणना प्रारंभ हुई। मतगणना समाप्त होने के बाद देर शाम नतीजे घोषित किए गए।

उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष एकजुट रहा, हमारे सभी सांसदों ने मतदान किया: कांग्रेस
कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद मंगलवार को कहा कि विपक्ष पूरी तरह एकजुट रहा तथा विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी का समर्थन करने वाले सभी 315 सांसदों ने मतदान किया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया, उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया। विपक्ष एकजुट खड़ा रहा। हम सभी 315 सांसदों ने मतदान किया।

स्वयंसेवक से उपराष्ट्रपति तक राधाकृष्णन का रहा है बेमिसाल सफर
किशोरावस्था में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के ‘स्वयंसेवक’, जनसंघ से राजनीतिक पारी की शुरुआत, 1990 के दशक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद, समर्थकों के बीच ‘तमिलनाडु के मोदी’ के नाम से लोकप्रिय और आज देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए निर्वाचित हुए चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन का सफर निस्संदेह बेमिसाल है।

कई चुनौतियां भी होंगी
उपराष्ट्रपति के तौर पर उनका सफर अब अलग तरह का होगा, जिसमें उनके सामने कई चुनौतियां भी होंगी। सबसे बड़ी चुनौती राज्यसभा के सभापति के रूप में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच संतुलन बनाने की होगी, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में विपक्ष ने आसन की निष्पक्षता को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button