Murder: पति शराब पीकर करता था मारपीट, पत्नी ने गमछे से गला दबाकर की हत्या, गिरफ्तार

Wife Arrested: पत्नी ने अपने पति की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र की है। पुलिस ने महिला को अपने पति की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित पत्नी का आरोप है कि उसका पति आए दिन उससे मारपीट करता था, इसलिए उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।
जानें, क्या है मामला
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रखर पांडेय ने बृहस्पतिवार को बताया कि गत 25 अगस्त को पुलिस को शहर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी, जिसकी जांच में पता लगा कि मृतक कृष्ण कुमार (36) की हत्या उसकी पत्नी प्रीति ने ही की थी।
आरोपित पत्नी ने कही ये बात
बुलंदशहर पुलिस के मुताबिक, गत 25 अगस्त को थाना कोतवाली नगर पुलिस को डायल-112 के माध्यम से एक हत्या की सूचना प्राप्त हुई। तत्काल स्थानीय पुलिस व क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया एवं फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई है। शव को कब्जे मे लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। मृतक की पहचान कृष्ण कुमार के रूप मे हुई है। जांच मे यह ज्ञात हुआ है कि कृष्ण कुमार की हत्या उसकी पत्नी प्रीति कुमारी द्वारा गमछे से गला दबाकर की गई है। प्रीति द्वारा बताया गया कि उसका पति आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। इस मामले से संबंधित सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें प्रीति द्वारा अपने पति के साथ मारपीट की जा रही है। यह वीडियो गत 19 अगस्त का है तथा यह वीडियो हत्या की घटना से संबंधित नहीं है। प्रीति को न्यायलय में पेश कर जिला कारागार मे निरुद्ध किया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा की जा रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



