Rhea Chakraborty: जानें, कौन हैं रिया चक्रवर्ती और क्या है हाइबॉक्स एप स्कैम, जिससे 30 हजार लोगों से की गई 500 करोड़ की धोखाधड़ी

दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने हाइबॉक्स एप के जरिए 500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty), ‘कॉमेडियन’ भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए कहा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि उसने एक मोबाइल एप्लीकेशन ‘हाइबॉक्स’ से जुड़े घोटाले (Hybox App Scam) का भंडाफोड़ किया है। इस एप के जरिए कथित तौर पर लोगों को अधिक मुनाफा देने का वादा करके निवेश करने को कहा जाता था।
जानें, क्या है हाइबॉक्स एप स्कैम?
हाइबॉक्स एप इंवेस्टमेंट स्कीम के तौर पर प्रमोट किया गया है। इस एप में साइन अप करके पैसे इंवेस्ट कराए जाते हैं। एप के जरिए इंवेस्ट करने पर आपको पांच प्रतिशत तक ब्याज देने का दावा किया जाता है। बीते दिनों दिल्ली पुलिस को इस मामले में 500 से ज्यादा शिकायतें मिली थीं। पुलिस ने जांच में पाया कि इस एप ने 30 हजार से ज्यादा लोगों को ज्यादा रिटर्न का लालच देकर 500 करोड़ रुपयों से ज्यादा का चूना लगाया है।
एप के जरिए ऐसे हुई ठगी
इस एप के प्रमोटर महीने में 30-90 प्रतिशत तक का रिटर्न देने का भी दावा करते हैं। जिन लोगों ने इस एप में इनवेस्ट किया, उन्हें शुरू के कुछ महीनों में रिटर्न मिला। फिर जुलाई 2024 में इस एप में टेक्निकल खामियां सामने आईं। फिर लीगल वैलिडिटी का हवाला देकर पेमेंट रोक दी गई। अब इंवेस्टर्स इससे अपना पैसा निकाल नहीं पा रहे हैं।
ठगी मामले में रिया से पूछताछ करेगी पुलिस
हाइबॉक्स एप के जरिये देशभर में 30 हजार से अधिक लोगों से करीब 500 करोड़ ठगी के मामले में दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक आपरेशंस (आइएफएसओ) यूनिट अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती से पूछताछ करेगी। उन्हें द्वारका स्थित आइएफएसओ कार्यालय में नौ अक्टूबर को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा गया है। रिया के साथ ही यूट्यूबर एल्विश यादव, अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान, लक्ष्य चौधरी, पुरव झा, कामेडियन भारती सिंह व उनके पति समेत कई अन्य ने इस एप का विज्ञापन कर लोगों को उसमें निवेश कर उच्च रिटर्न पाने के लिए गुमराह करने का काम किया था। इन यूट्यूबर्स की बातों पर यकीन कर देशभर के लोगाें ने अपनी गाढ़ी कमाई हाई बाक्स में निवेश कर दिया था। बाद मेें सभी के पैसे डूब गए। पुलिस का मानना है कि ये सभी मुख्य आरोपित के साथ साजिश में शामिल हो सकते हैं। हो सकता है इन लोगों को ठगी की मोटी रकम में कमीशन दिया गया हो।
जानें, कौन है रिया चक्रवर्ती
रिया चक्रवर्ती बंगाली परिवार से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन उनका जन्म एक जुलाई, 1992 को कर्नाटक के बेंगलुरु में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई अंबाला कैंट से हुई और एक्ट्रेस ने कुछ समय तक पढ़ाई पुणे में भी की है। रिया ने मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएट किया है। वह पहली बार एमटीवी रियलिटी शो ‘टीवीएस स्कूटी टीन डीवा’ में नजर आई थी।
इस फिल्म से की फिल्मी करियर की शुरुआत
रिया ने 2012 में तेलुगु फिल्म तुनीगा तुनीगा से अपनी फिल्मी करियर की शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने निधि का किरदार निभाया था। 2013 में उन्होंने बालीवुड में मेरे डैड की मारुति से जसलीन की भूमिका निभाई। 2014 में उन्होंने सोनाली केबल में सोनाली का किरदार व 2017 में वाईआरएफ की बैंक चोर में दिखाई दीं। उन्होंने हाफ गर्लफ्रेंड और दोबारा सी योर इविल में भी कैमियो भूमिकाएं निभाई और 2018 में वह डेब्यूटेंट वरुण मित्रा के साथ जलेबी में दिखाई दीं थी। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत खुदकुशी मामले में रिया चक्रवर्ती का नाम काफी उछला था।
30 हजार से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी
हाइबॉक्स मोबाइल एप पर ज्यादा रिटर्न देने का वादा कर 30 हजार से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपित जे शिवराम को आइएफएसओ ने तीन दिन पहले चेन्नई से गिरफ्तार किया। 151 पीड़ितों ने अब तक पुलिस में शिकायत की है, जिन्हें इन दोनों मुकदमों में जोड़ दिया गया। आरोपित के चार बैंक खातों के बारे में पता चला, जिनमें जमा 18 करोड़ रुपये को फ्रीज करा दिया गया। पुलिस ने इस मामले में इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर्स व यूट्यूबर्स एल्विश यादव, अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान, लक्ष्य चौधरी, पुरव झा, स्टैंडअप कामेडियन भारती सिंह व उनके पति, सौरव जोशी, हर्ष लिंबाचिया, आदर्श सिंह, अमित उर्फ क्रेजी और दिलराज सिंह रावत उर्फ इंडियन हैकर से भी पूछताछ करेगी। आरोप है कि इन लोगों ने एप को प्रमोट किया और निवेशकों को निवेश के लिए प्रेरित किया था। पुलिस ने फोनपे व ईज बज को भी नोटिस जारी किया । इन्हीं दोनों पेमेंट गेटवे के जरिये आरोपित पेमेंट लेते थे। इनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। जे. शिवराम चेन्नई का रहने वाला है। आरोपित ने निवेशकों को एक से पांच प्रतिशत तक की दैनिक और 30 से 90 प्रतिशत मासिक ब्याज देने का वादा किया था। 20 अगस्त को स्पेशल सेल की आइएफएसओ में यह केस दर्ज किया गया। पुलिस इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



