PM Modi US Visit: अमेरिका ने भारत को 297 कलाकृतियां लौटाईं

अमेरिका (America) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की यात्रा के दौरान 297 कलाकृतियां भारत को सौंपी हैं, जिन्हें तस्करी कर देश से बाहर ले जाया गया था। एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सांस्कृतिक संपत्तियों की तस्करी लंबे समय से एक मुद्दा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क पहुंचे
प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में भाग लेने और संयुक्त राष्ट्र के एक महत्वपूर्ण सम्मेलन को संबोधित करने के लिए रविवार को यहां पहुंचे। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) की मेजबानी में विलमिंगटन में आयोजित ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) देशों के प्रमुखों के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क रवाना हुए थे। ‘क्वाड’ शिखर सम्मेलन की मेजबानी बाइडन ने डेलावेयर में अपने गृहनगर विलमिंगटन में शनिवार को की, जिसमें प्रधानमंत्रीमोदी, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने भाग लिया।
अच्छे मकसद से बनाया गया समूह है ‘क्वाड’
मोदी और बाइडन ने संयुक्त बयान में कहा कि ‘क्वाड’ अच्छे मकसद से बनाया गया समूह है, रणनीतिक रूप से पहले से कहीं अधिक एकजुट है।
क्वाड में शामिल हैं भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कहा कि क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए काम करने वाले एक प्रमुख समूह के रूप में उभरा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना होने से पहले यह बात कही। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के लिए रवाना होने से पहले कहा कि मैं क्वाड शिखर सम्मेलन में अपने सहयोगियों राष्ट्रपति बाइडन, प्रधानमंत्री अल्बानीज और प्रधानमंत्री किशिदा के साथ बैठक करने के लिए उत्सुक हूं। उन्होंने कहा कि यह मंच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए काम करने वाले समान विचारधारा वाले देशों के एक प्रमुख समूह के रूप में उभरा है। (भाषा)



