Gurugram News: गुरुग्राम में छात्र ने पिता की पिस्तौल से सहपाठी को मारी गोली, हालत गंभीर; डीजीपी बोले-बच्चों को पीपल स्किल सिखाएं

Gurugram Crime: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से हटे हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर 48 स्थित एक फ्लैट में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से अपने एक सहपाठी को कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
छात्र की गर्दन में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, गोली छात्र की गर्दन में लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
एसपी व सीपी आर्म्स लाइसेंस धारियों को इस तरह के खतरे से आगाह करेंः डीजीपी
हरियाणा के डीजीपी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण। ईश्वर से प्रार्थना है कि जान का नुकसान ना हो।मैंने एसपी व सीपी से कहा है कि अपने क्षेत्र के आर्म्स लाइसेंस धारियों को इस तरह के खतरे से आगाह करें। उनके लिए हथियार संभाल कर रखने के लिए जरूरी प्रशिक्षण का इंतजाम करें।
बच्चों को पीपल स्किल सिखाएं
वीडियो गेम खेलने वाली पीढ़ी को पता ही नहीं होता कि गोलीबारी कोई खेल नहीं है। माता-पिता और स्कूलों को चाहिए कि बच्चों को पीपल स्किल सिखाएं। लड़ाई-झगड़े की नौबत ही नहीं आएगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



