Trump Tariff: भारतीय उत्पादों पर 27 अगस्त से 50 प्रतिशत अमेरिकी शुल्क, 48 अरब डॉलर का निर्यात होगा प्रभावित

Donald Trump Tariffs: अमेरिका ने 27 अगस्त से भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क लागू करने की योजना का विवरण देते हुए एक मसौदा नोटिस जारी किया है, जिससे अमेरिका को भारत के 48 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के निर्यात पर असर पड़ेगा। अमेरिकी बाजार में प्रवेश करने वाले भारतीय सामान पर वर्तमान में 25 प्रतिशत शुल्क पहले से ही लागू है। रूसी कच्चे तेल और सैन्य उपकरणों की खरीद के कारण 27 अगस्त से 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाया जा रहा है।
अधिक अमेरिकी शुल्क के बीच तिरुपुर, नोएडा, सूरत की निर्यात इकाइयों ने उत्पादन रोका: फियो
निर्यातकों के शीर्ष निकाय फियो ने मंगलवार को भारतीय वस्तुओं पर उच्च अमेरिकी शुल्क पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि तिरुपुर, नोएडा तथा सूरत के कपड़ा विनिर्माताओं ने इन भारी शुल्कों के कारण उत्पादन रोक दिया है।
अमेरिका के 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क से पहले सेंसेक्स 849 अंक टूटकर 81,000 अंक से नीचे फिसला
अमेरिका के भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क लगाने पर एक मसौदा नोटिस जारी करने के बाद मंगलवार को शेयर बाजारों में चौतरफा बिकवाली हुई और प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स 849 अंक टूटकर 81,000 अंक से नीचे आ गया।विदेशी कोषों की लगातार बिकवाली और कमजोर वैश्विक रुझान ने भी निवेशकों की धारणा को कमजोर किया।
अमेरिकी शुल्क के कारण 2025-26 में रेडिमेड परिधान उद्योग की वृद्धि दर आधी रह जाएगी: रिपोर्ट
भारत के सिलेसिलाए (रेडिमेड) परिधान उद्योग की राजस्व वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग आधी होकर 3-5 प्रतिशत रह सकती है। एक रिपोर्ट में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
अगस्त में अमेरिका में उपभोक्ताओं का भरोसा घटा
अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर वहां के उपभोक्ताओं का नजरिया अगस्त में मामूली रूप से कमजोर हुआ। कमजोर होते रोजगार बाजार को लेकर चिंता लगातार आठवें महीने बढ़ी। कॉन्फ्रेंस बोर्ड ने मंगलवार को कहा कि उसका उपभोक्ता विश्वास सूचकांक अगस्त में 1.3 अंक गिरकर 97.4 पर आ गया, जो जुलाई के 98.7 अंक से कम है। सूचकांक पिछले तीन महीनों से एक सीमित दायरे में है। ट्रंप टैरिफ पर हर किसी की नजर है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



