Varanasi Crime: पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के बाद फरार पति का भी शव मिला

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) वाराणसी जिले में अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कथित तौर पर हत्या करने वाले व्यक्ति का शव मंगलवार को रोहनिया थाने के सदरपुर गांव में मिला। पुलिस ने बताया कि भेलूपुर थाने के भैदैनी क्षेत्र में राजेंद्र गुप्ता नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी नीतू (45), बेटे नवनेंद्र (25) और सुबेंद्र (15) तथा बेटी गौरांगी (16) की सोमवार देर रात कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गुप्ता घटनास्थल से फरार हो गया। गुप्ता के मकान में रहने वाले किरायेदारों ने पुलिस को मंगलवार दोपहर वारदात की सूचना दी, जिसके बाद अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं।
पारिवारिक कलह बनी हत्या की वजह
पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंदसवाल ने बताया कि भेलूपुर थाने को सूचना मिली कि एक महिला और उसके तीन बच्चों की हत्या कर दी गई है तथा मृतका का पति राजेंद्र फरार है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राजेंद्र की मां से पूछताछ की। राजेंद्र की मां ने बताया कि पारिवारिक कलह के कारण उसके बेटे और बहू के बीच रोजाना झगड़ा होता था। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि राजेंद्र ने ही चारों हत्या की हैं और वह वारदात के बाद से फरार है। राजेंद्र 1997 से हत्या के एक मुकदमे का सामना कर रहा है और वह जमानत पर जेल से बाहर है। वारदात सोमवार देर रात की लग रही है और घटनास्थल से पिस्तौल के खोखे बरामद किए गए। (भाषा)



