POK: राजनाथ सिंह बोले-वह दिन दूर नहीं जब पीओके के लोग खुद बनेंगे भारत का हिस्सा

POK: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के लोग भारतीय परिवार का हिस्सा हैं और वह दिन दूर नहीं जब वे खुद भारत की मुख्यधारा में लौट आएंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि वहां के अधिकांश लोग भारत के साथ गहरा जुड़ाव महसूस करते है, कुछ गिने चुने ही हैं, जिन्हें भटकाया गया है।
कहा-तब कुपंथ को छोड़ सुपथ पर स्वयं चला आएगा, मेरा ही भाई है, मुझसे दूर कहां जाएगा
राजनाथ ने कहा कि पीओके में रहने वाले हमारे इन भाइयों की स्थिति कुछ ऐसे ही है, जैसे वीर योद्धा महाराणा प्रताप के छोटे भाई शक्ति सिंह की थी। छोटे भाई शक्ति सिंह के अलग हो जाने पर भी बड़े भाई महाराणा प्रताप का विश्वास अपने छोटे भाई के प्रति बना रहता है और वो बड़े विश्वास से कहते हैं कि तब कुपंथ को छोड़ सुपथ पर स्वयं चला आएगा। मेरा ही भाई है, मुझसे दूर कहां जाएगा। (भाषा)



