काम की बात

RTE Admission In UP: आरटीई के तहत एडमिशन के लिए यूपी में ऐसे करें आनलाइन आवेदन

Right to Education Act: शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत उत्तर प्रदेश के निजी स्कूलों की 6.03 लाख सीटों पर प्रवेश के लिए रविवार से आनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। गरीब परिवारों के बच्चों को 62829 निजी विद्यालयों में प्री- प्राइमरी व कक्षा एक में प्रवेश का अवसर मिलेगा। निजी विद्यालयों में गरीब परिवारों के बच्चों के दाखिले के लिए शैक्षिक सत्र 2025-26 में 78065 सीटें बढ़ी हैं। प्रवेश प्रक्रिया चार चरणों में 27 मार्च तक चलेगी। अभिभावकों की मदद के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई जा रही है।

पहला चरणः रविवार से शुरू होगा। 19 दिसंबर तक आनलाइन आवेदन फार्म भरे जा सकेंगे। अधिकारी (बीएसए) आवेदन फार्मों का सत्यापन करेंगे। 24 दिसंबर को लाटरी निकाली जाएगी। 27 दिसंबर तक आवंटित स्कूल में बच्चे का दाखिला कराया जा सकेगा।

दूसरा चरणः एक से 19 जनवरी तक आनलाइन आवेदन फार्म भरे जा सकेंगे। 20 से 23 जनवरी तक बीएसए आनलाइन आवेदन फार्म का सत्यापन करेंगे। 24 जनवरी को लाटरी निकाली जाएगी। आवंटित स्कूलों में बच्चों का प्रवेश 27 जनवरी तक कराया जा सकेगा।

तीसरा चरणः एक से 19 फरवरी तक आनलाइन आवेदन फार्म भरे जा सकेंगे। 20 से 23 फरवरी तक बीएसए आनलाइन आवेदन फार्म का सत्यापन करेंगे। 24 फरवरी को लाटरी निकाली जाएगी और 27 फरवरी तक प्रवेश लिए जा सकेंगे।

चौथा व अंतिम चरणः आनलाइन आवेदन फार्म एक से 19 मार्च तक भरे जा सकेंगे। 20 से 23 मार्च तक बीएसए आनलाइन आवेदन फार्मों का सत्यापन करेंगे। 24 मार्च को लाटरी निकलेगी व 27 मार्च तक आवंटित विद्यालय में बच्चों को प्रवेश दिलाया जा सकेगा। अभी तक यह प्रवेश प्रक्रिया अगस्त तक चलती थी। अब एक अप्रैल को नया सत्र शुरू होने पर पहले दिन से बच्चे पढ़ाई कर सकें, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।

आनलाइन करें आवेदन
सभी जिलों में बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी, सीडोओ व डीए‌म कार्यालयों में अभिभावकों को मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाई जा रही हैं। गरीब परिवारों के बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा का अधिकार देने के लिए आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश की सुविधा सरकार ने दी है। वर्तमान में गाजियाबाद में करीब 1037 निजी स्कूलों को आरटीई के के तहत 16 हजार से अधिक सीटें आरक्षित की गई हैं। इन सीटों पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। दाखिले के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इतनी होनी चाहिए बच्चों की उम्र
आरटीई के तहत प्री प्राइमरी व पहली क्लास में एडमिशन लेने के लिए बच्चे की उम्र तीन से सात साल के बीच होनी चाहिए।

ये दस्तावेज भी होने चाहिए
आरटीई के तहत अप्लाई करने के लिए जरूरी दस्तावेजों में इनकम सर्टिफिकेट यानी आय प्रमाण पत्र एक लाख या उससे कम आय का, अलाभित वर्ग के लिए जाति प्रमाणपत्र, अभिभावक का निवास प्रमाणपत्र, नगर निगम की ओर से जारी किया जन्म प्रमाण पत्र भी होना चाहिए।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
यूपी आरटीई एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए ऑफिशियल वेबसाइट rte25.upsdc.gov.in पर जाएं। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद वेबसाइट के होम पेज पर ही अप्लाई करने का लिंक एक्टिव हो जाएगा। उस लिंक पर क्लिक करने के बाद फॉर्म भरें।(सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button