Operation Trident: अमित शाह बोले, मादक पदार्थ तस्करी गिरोहों पर लगातार प्रहार करेगा भारत

Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि असम, मिजोरम और मणिपुर में मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 38 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 1,424 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
ऑपरेशन ट्राइडेंट के जरिए नशीले पदार्थों के खिलाफ किया जोरदार प्रहार
अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर पर लिखा है कि मोदी सरकार ने ऑपरेशन ट्राइडेंट के जरिए नशीले पदार्थों के खिलाफ एक और जोरदार प्रहार किया है। 23 अक्टूबर को हमारी एजेंसियों ने असम, मिजोरम और मणिपुर में 38 जगहों पर एक साथ छापेमारी की और एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-कार्टेल (नशीले पदार्थों के तस्कर गिरोह) को ध्वस्त कर दिया। इस ऑपरेशन में 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पता चला, 1,424 बैंक खाते फ्रीज किए गए, 17.82 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई, 500 डेटोनेटर और 12 लाख रुपये नकद बरामद हुए, और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह नेटवर्क डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर के जरिए भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं से नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। यह कार्रवाई 31 दिसंबर 2029 तक नशीले पदार्थों के हर नेटवर्क को खत्म करने के भारत के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। भारत तब तक प्रहार करता रहेगा, जब तक कि नार्को-कार्टेल का पूरी तरह से खात्मा नहीं हो जाता। केंद्रीय एजेंसियों और तीनों राज्यों की पुलिस बलों से बनी एंटी-नारकोटिक्स टीम को बहुत-बहुत बधाई। (भाषा)



