क्राइम

Fraud: नीट अभ्यर्थियों से ठगी के आरोप में दो गिरफ्तार

CBI: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2025 के अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से ठगी के आरोप में महाराष्ट्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों व्यक्तियों ने दावा किया था कि वे अंकों में हेरफेर कर सकते हैं, और इसके लिए वे प्रति उम्मीदवार 90 लाख रुपये वसूल रहे थे।

प्रति अभ्यर्थी 90 लाख रुपये की मांग की थी
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, संदीप शाह (सोलापुर निवासी) और सलीम पटेल (नवी मुंबई निवासी) ने दावा किया था कि उनके राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों से संपर्क हैं और वे अभ्यर्थियों के अंक बढ़वा सकते हैं। एजेंसी को तीसरे आरोपी की तलाश है, जो फरार है और उसे इस पूरे प्रकरण का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर प्रति अभ्यर्थी 90 लाख रुपये तक की मांग की थी, बाद में मेधा सूची में स्थान सुनिश्चित कराने के लिए बातचीत के दौरान राशि घटाकर 87.5 लाख रुपये कर दी थी।

दोनों आरोपी 16 जून तक सीबीआई की हिरासत में
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच में ऐसे कई संदेश मिले हैं, जिनमें उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर, एडमिट कार्ड, ओएमआर शीट और हवाला नेटवर्क के जरिए हुए लेनदेन के साक्ष्य हैं।दोनों आरोपियों को एक विशेष अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 16 जून तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया। प्रवक्ता ने बताया कि अब तक की जांच में किसी सरकारी अधिकारी या एनटीए के कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। आरोपियों ने झूठे दावे कर परिजनों को गुमराह किया। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button