Jammu Kashmir News: जम्मू में नियंत्रण रेखा के पास विस्फोट में सेना के अधिकारी समेत दो जवान शहीद, एक घायल

Jammu And Kashmir News: जम्मू के निकट अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास मंगलवार को एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में सेना के कैप्टन समेत दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए और एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। माना जा रहा है कि इस आईईडी को आतंकवादियों द्वारा लगाया गया था।
भट्टल इलाके में गश्त के दौरान हुआ विस्फोट
सेना ने विस्फोट में जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है और कहा कि हमारे जवानों ने क्षेत्र को घेर लिया है और तलाश अभियान जारी है। अधिकारियों ने कहा कि जवान भट्टल इलाके में गश्त कर रहे थे, तभी अपराह्न तीन बजकर 50 मिनट पर एक अग्रिम चौकी के पास शक्तिशाली विस्फोट हुआ और वे इसकी चपेट में आ गए। घायल जवानों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक कैप्टन समेत दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए। एक अन्य घायल जवान की हालत खतरे से बाहर है।
शहीदों को किया नमन
सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अखनूर सेक्टर के लालेली में बाड़ पर गश्त के दौरान इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस धमाके की सूचना मिली, जिसमें दो जवान शहीद हो गए। हमारे जवानों ने इलाके को घेर लिया और तलाश अभियान जारी है। व्हाइट नाइट कॉर्प्स दो वीर जवानों के बलिदान को सलाम करता है और श्रद्धांजलि देता है। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। (भाषा)



