देश-दुनिया

Karnataka Road Accident: कर्नाटक में ट्रक के बस से टकराने से नौ लोगों की मौत, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

Karnataka News: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में बृहस्पतिवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक के एक लग्जरी स्लीपर बस से टकराने के बाद बस में आग लग गई। हादस में नौ लोगों की मौत हो गई। इस बीच, इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है।

ट्रक से टकराने के बाद बस में लगी आग
पूर्व जोन के पुलिस महानिरीक्षक रविकांत गौड़ा ने बताया कि गोकर्ण जा रही बस में 32 यात्री सवार थे। ट्रक से टकराने के बाद बस आग की लपटों में घिर गई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई, इनमें से अधिकतर लोग वाहन के अंदर ही जल गए। गौड़ा ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई, जब एक ट्रक डिवाइडर को पार कर सामने से आ रही बस से टकरा गया। इस दुर्घटना में बस चालक और उसका सहायक बच गए लेकिन ट्रक चालक और उसके सहायक की मौत हो गई। घायलों को तुमकुरु जिले के शिरा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई यात्रियों ने बस से कूदकर बचाई जान
गौड़ा ने बताया कि कई यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई। टी दासराहल्ली से दांदेली जा रही एक अन्य बस, इस बस के पीछे थी और दुर्घटना में यह बस बाल-बाल बच गई। इस बस में 45 स्कूली बच्चे सवार थे। पुलिस ने कहा कि स्कूल के बच्चों को ले जा रही बस के चालक ने बस को दूसरी तरफ मोड़ दिया जिससे किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने बताया कि कम से कम दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की
प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button