UP News: बहराइच में हिंसा के बाद तनाव, मथुरा में पटाखे फोड़ने को लेकर दो गुटों में संघर्ष, एक व्यक्ति की मौत

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में बहराइच जिले के एक गांव में रविवार को हुई सांप्रदायिक हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया है तथा सचिव (गृह) संजीव गुप्ता और अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
मथुरा में पटाखे फोड़ने को लेकर दो गुटों में संघर्ष, एक व्यक्ति की मौत; केस दर्ज
मथुरा (Mathura) के एक गांव में पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति और उसके तीन पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानें, क्या है मामला
मथुरा के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) त्रिगुण बिसेन ने बताया कि रविवार की रात थाना शेरगढ़ के सेही गांव में पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से एक-दूसरे पर ईंट, पत्थर व लाठी-डंडे बरसाए गए। इस दौरान प्रतिवादी पक्ष ने वादी पक्ष के ठाकुर लाल के चचेरे भाई संजू (45) को पकड़ लिया। उन्होंने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी और मौके से फरार हो गए। संजू के परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि ठाकुर लाल ने डालू उर्फ डालचंद और उसके तीन बेटों मुकेश, सुरेश व राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि अब गांव में शांति है तथा पुलिस चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। (भाषा)



