US-Pakistan Relations: कांग्रेस ने कहा, अमेरिका और पाकिस्तान की मित्रता पर मोदी सरकार की चुप्पी परेशान करने वाली

US-Pakistan: कांग्रेस ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तारीफ किए जाने का हवाला देते हुए दावा किया कि अमेरिका एवं पाकिस्तान के बीच की यह दोस्ती भारत के लिए राष्ट्रीय चिंता का विषय है, लेकिन इस पर मोदी सरकार की चुप्पी परेशान करने वाली है।
कहा, मुंबई आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान हो गया था बेनकाब
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि वर्ष 2008 के मुंबई आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान दुनिया भर में बेनकाब और बदनाम हो गया था।
कहा, ट्रंप का आसिम मुनीर के प्रति झुकाव थमने का नाम नहीं ले रहा
जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप का पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के प्रति झुकाव थमने का नाम नहीं ले रहा है-वही आसिम मुनीर, जिसके भड़काऊ और सांप्रदायिक रूप से जहरीले बयानों ने 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में पाकिस्तान द्वारा कराए गए आतंकी हमले का माहौल बनाया।
जानें, ट्रंप ने कब-क्या कहा
राष्ट्रपति ट्रंप ने 18 जून 2025 को व्हाइट हाउस में फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को अभूतपूर्व रूप से लंच पर आमंत्रित किया। इसके बाद एक अक्टूबर 2025 को व्हाइट हाउस में दोनों की दूसरी मुलाकात हुई, जब फील्ड मार्शल ने राष्ट्रपति ट्रंप को रेयर अर्थ्स का एक डब्बा भेंट किया। 13 अक्टूबर 2025 को मिस्र में ट्रंप ने आसिम मुनीर को मेरा पसंदीदा फील्ड मार्शल कहा। 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति ट्रंप ने असीम मुनीर की तारीफ करते हुए उसे एक महान फाइटर बताया। परसों, 22 दिसंबर को, राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर मुनीर की प्रशंसा करते हुए उसे बहुत सम्मानित जनरल कहा।
अमेरिका और पाकिस्तान के बीच बढ़ती दोस्ती भारत के लिए चिंताजनक
अमेरिका और पाकिस्तान के बीच यह बढ़ती दोस्ती भारत के लिए बेहद चिंताजनक है। यह पाकिस्तान को सामान्य रूप से और विशेष रूप से मुनीर को पहलगाम आतंकी हमले को समर्थन देने और उसे संभव बनाने के स्पष्ट सबूतों के बावजूद-लगभग एक तरह से क्लीन चिट देता है। यह राष्ट्रीय चिंता का विषय है, और इस पर मोदी सरकार की चुप्पी परेशान करने वाली है। याद कीजिए कि 26/11 के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान पूरी तरह बेनकाब और बदनाम हुआ था-उसे आज की तरह सराहा और महिमामंडित नहीं किया गया था। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



