Weather Update: आईएमडी ने दिल्ली में बारिश के लिए जारी किया येलो अलर्ट, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की चेतावनी

Monsoon: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह भी घने बादल छाए रहे। बृहस्पतिवार को हुई झमाझम बरसात के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए भी गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। शहर के सफदरजंग मौसम केंद्र में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 33.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच सिरमौर, सोलन में स्कूल बंद, मौसम विभाग की भूस्खलन की चेतावनी
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और सोलन जिलों में शुक्रवार को सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है और भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ों के उखड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं को लेकर चेतावनी दी है। (भाषा)



