Delhi News: दीवाली पर दिल्ली में आग लगने संबंधी 318 सूचनाएं मिलीं, 13 साल में सबसे अधिक

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को इस साल दीवाली में आग लगने से संबंधित 300 से अधिक घटनाओं को लेकर फोन आए, जो पिछले 13 साल में सबसे अधिक है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। डीएफएस के प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि यह आंकड़ा पिछले 13 वर्षों में दीवाली में आग से संबंधित घटनाओं और आपातकालीन घटनाओं की सबसे अधिक संख्या को दर्शाता है।पिछले साल इसी समय हमें आग संबंधी 195 घटनाओं की सूचना मिली थी।
दिल्लीवासियों ने पटाखों पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन कर मनाई दीवाली
दिल्लीवासियों ने पटाखों पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए बृहस्पतिवार को दीवाली मनाई। रात भर लगातार पटाखे फोड़े जाने से दिल्ली में घना धुआं छा गई, जिससे गंभीर ध्वनि प्रदूषण हुआ और दृश्यता कम हो गई। राजधानी में हर साल प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी को रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने लगातार पांचवें वर्ष पटाखों पर व्यापक प्रतिबंध लागू किया था, जिसके तहत उनके निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर रोक लगा दी गई थी। (भाषा)



